हम्पी-पत्थरों में बसी एक भव्य सभ्यता की कहानी

कर्नाटक के बेल्लारी जिले में तुंगभद्रा नदी के किनारे बसा हम्पी एक ऐसा शहर है, जहां हर पत्थर एक नई कहानी कहता है, जो किसी को भी चौंका देती है। चारों तरफ बिखरे विशाल पत्थर, टूटे हुए मंदिर, खंडहर हो चुके महल और सुनसान बाज़ार, लेकिन इन सबके बीच एक अजीब सी जीवंतता है। मानो एक-एक पत्थर बोल पड़ेगा। लगता है जैसे यह शहर कभी सोया ही नहीं, बस थोड़ा थक गया है। हम्पी को देखना सिर्फ एक पर्यटन स्थल घूमना नहीं है। यह एक ऐसी यात्रा है, जो आपको पाँच सौ साल पहले के भारत में ले जाती है।
Written by Anshita Nagar, Delhi, Published by Deepak Sriram, 20 May 2026, Wednesday, 10:10 PM IST
हम्पी कभी विजयनगर साम्राज्य की राजधानी हुआ करता था। चौदहवीं से सोलहवीं सदी के बीच यह शहर दुनिया के सबसे बड़े और समृद्ध शहरों में गिना जाता था। उस दौर में यहाँ की आबादी पाँच लाख से भी ज़्यादा थी और यह व्यापार, कला, संगीत और वास्तुकला का एक बड़ा केंद्र था। पुर्तगाली यात्री ‘डोमिंगो पाएस’ ने सोलहवीं सदी में हम्पी को रोम से भी बड़ा और खूबसूरत बताया था।
लेकिन 1565 में तालीकोटा की लड़ाई के बाद इस शहर को मानो किसी की नज़र लग गई। इसे बुरी तरह तोड़ा और लूटा गया। जो शहर कभी शान से सीना ताने से खड़ा था, वह महीनों की तबाही के बाद खंडहर में तब्दील हो गया। इस समय जो हम्पी हम देखते हैं, वह उसी तबाही का बचा हुआ हिस्सा है फिर भी इतना भव्य कि देखते ही बनता है।
हम्पी में घूमने की शुरुआत अक्सर विरुपाक्ष मंदिर से होती है। यह मंदिर आज भी पूरी तरह जीवित है और यहाँ नियमित रूप से पूजा भी होती है। मंदिर का भव्य गोपुरम (प्रवेश द्वार) दूर से ही दिखता है और तीर्थयात्रियों व पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। मंदिर परिसर में एक हथिनी भी है, जिसका नाम लक्ष्मी है। वह पर्यटकों का अभिवादन अपने तरीके से करती है, जिसको देखकर बच्चे मंत्रमुग्ध हो जाते हैं।
यहाँ का श्री विट्ठल मंदिर तो जैसे इंजीनियरिंग का चमत्कार है। इस मंदिर के खंभों को थपथपाने पर संगीत की ध्वनि निकलती थी इसीलिए इन्हें "संगीत स्तंभ" कहते हैं। हालाँकि अब इन खंभों को छूने पर पाबंदी है, लेकिन उनकी बनावट और बारीकी देखकर आज भी मन हैरान हो जाता है। इसी मंदिर के सामने खड़ा पत्थर का रथ हम्पी की पहचान बन चुका है और यह भारतीय डाक टिकट पर भी छप चुका है।
हम्पी सिर्फ मंदिरों का शहर नहीं है। यहाँ का "रानी का स्नानागार", "हाथियों का अस्तबल" और "लोटस महल" ये सब उस दौर की शाही ज़िंदगी की झलक देते हैं। लोटस महल की वास्तुकला में हिंदू और अन्य शैलियों का मेल देखना एक अनोखा अनुभव है। यह बताता है कि विजयनगर साम्राज्य कितना विविधताओं से भरा था।
हम्पी के आसपास का इलाका भी बेहद खूबसूरत है। तुंगभद्रा नदी के उस पार "हिप्पी आइलैंड" यानी विरुपापुर गड्डी है, जहाँ कई विदेशी सैलानी हफ्तों तक रुकते हैं। यहाँ की शांत जीवनशैली और कुदरती नज़ारे उन्हें बार-बार यहाँ खींच लाते हैं। सूर्योदय और सूर्यास्त के वक्त मतंग पहाड़ी से हम्पी का जो दृश्य दिखता है, वह किसी भी तस्वीर में पूरी तरह कैद नहीं हो सकता।
1986 में यूनेस्को ने हम्पी को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया। तब से यहाँ देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हर साल नवंबर में हम्पी उत्सव मनाया जाता है जिसमें शास्त्रीय नृत्य, संगीत, और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहती है।
हम्पी मात्र एक पर्यटन स्थल नहीं, यह हमारी विरासत का हिस्सा है जो हमें याद दिलाती है कि हम कितने समृद्ध अतीत के वारिस हैं। यहाँ आकर आप न सिर्फ इतिहास पढ़ते हैं, बल्कि उसे जीते हैं।
Share Your Comments
Related Posts
India’s Waste May Fuel the Future...
India is simultaneously drowning in waste. India generates over 62–72 million tonnes of municipal solid waste every single year, and most of it simply rots in open dumps. Add to that the enormous amount of agricultural stubble burned by farmers every winter, blanketing North India in toxic smog
Iran Eyes Google, Meta Cable Fees — India May Feel the Impact...
An Iranian lawmaker, Mostafa Taheri, floated a figure of $15 billion annually as potential fee revenue from these 17 cables crossing the strait. On top of that, Iran has formally established a new body called the Persian Gulf Strait Authority
India Brings Back the Lost Mughal Sarais...
From Ruins to Rest Stops- India's Plan to Revive the Forgotten Mughal Sarais of the Grand Trunk Road. The government announced plans to restore these Mughal period sarais along the historic Jarnaili Road, the very route that connected Delhi with Lahore and Peshawar